समुद्री तट को साफ-सुथरा रखना हमारी नैतिक जिम्मेदारी : अशोक जाधव
समुद्री तट को साफ-सुथरा रखना हमारी नैतिक जिम्मेदारी : अशोक जाधव
हड़पसर, अप्रैल (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
कुदरत की मिली विरासत को हमें संरक्षित रखते हुए समुद्री तट को साफ-सुथरा रखना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी एवं प्राथमिकता है। शहरवासी समुद्र तट पर एक दिन का आनंद लेना पसंद करते हैं। हर किसी की एक अपेक्षा होती है कि समुद्र तट पर स्वच्छ, सुंदर वातावरण हो। इस हेतु पहल हमें स्वयं करनी चाहिए इसलिए उस स्थान पर साफ़-सफ़ाई बनाए रखना हर किसी की ज़िम्मेदारी है। यह अनुरोध मानवतावादी समाजसेवा संघटना के सचिव अशोक जाधव ने किया है।
अलीबाग में समुद्र तट स्वच्छता सफाई अभियान मानवतावादी समाजसेवी संघटना की ओर से चलाया गया। प्लास्टिक मुक्त प्रदेश होना चाहिए, यह संदेश भी इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों को दिया गया। इस सफाई अभियान में संघटना के सचिव अशोक जाधव, कोषाध्यक्ष बालू बारवकर, ट्रस्टी पद्माकर बंदे, दत्ता कदम एवं अन्य सदस्याओं ने भाग लिया।
अशोक जाधव ने बताया कि समुद्र और तट पर मिट्टी में फंसे प्लास्टिक बैग, जाल, पेपर बैग, कपड़े के बैग को अलीबाग समुद्र तट पर एकत्र किया गया। क्षेत्र साफ-सुथरा होना चाहिए इसके लिए हमें भी स्वच्छता बनाए रखने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें यह देखकर खुशी हुई कि कई लोगों ने इस मूल सलाह को लागू किया और समुद्र तट की सफाई करने के लिए दौड़ पड़े।
Post Comment