पिंपरी-चिंचवड़ शहर में एनएच-48 हाईवे सर्विस रोड का विस्तार यातायात होगा सुचारू, नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण परियोजना
पिंपरी-चिंचवड़ शहर में एनएच-48 हाईवे सर्विस रोड का विस्तार यातायात होगा सुचारू, नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण परियोजना
पिंपरी, फरवरी (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम से गुजरनेवाले एनएच-48 राजमार्ग के करीबी सेवा सड़क (सर्विस रोड) विकसित करने की दिशा में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएच एआई) एक परियोजना शुरू कर रहा है। यह परियोजना बढ़ती यातायात समस्याओं को दूर करने के साथ ही कनेक्टिविटी में सुधार करने, सड़क पर भीड़भाड़ कम करने और सबसे व्यस्त मार्गों में से एक पर स्थायी बुनियादी ढांचा तैयार करने में सहायक होगी।
पिंपरी- चिंचवड़ महानगरपालिका सीमा में एनएच-48 राजमार्ग के किनारे मौजूदा सड़क 12 मीटर चौड़ी है। अब यह सड़क 12 मीटर बढ़ाई जाएगी और कुल चौड़ाई 24 मीटर होगी। एनएच-48 एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग है, इसलिए पुनावाले, भूमकर चौक, हिंजवड़ी और बालेवाड़ी क्षेत्रों में तेजी से बढ़ते यातायात को देखते हुए यह विकास बहुत महत्वपूर्ण होगा।
पिंपरी- चिंचवड़ महानगरपालिका सीमा के भीतर एनएच-48 राजमार्ग और सर्विस रोड सहित कुल कैरिजवे की लंबाई 60 मीटर है। इस सड़क के दोनों किनारों पर पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम द्वारा नियोजित प्रत्येक 12 मीटर चौड़ी विकास योजना (डीपी) सड़कें हैं। इस प्रकार इस सड़क की कुल चौड़ाई 84 मीटर होगी। इससे कनेक्टिविटी बेहतर करने में मदद मिलेगी।
नागरिकों की दीर्घकालिक मांगों को प्रतिसाद
कनेक्टिविटी सुधारने के लिए नागरिक लगातार सर्विस रोड की हालत सुधारने की मांग कर रहे थे। समय-समय पर कई यात्री और व्यवसायी मौजूदा सर्विस रोड की खराब स्थिति, मानसून के मौसम में जल जमाव की समस्या और इससे होने वाली कठिनाइयों के बारे में शिकायत करते रहे हैं। आख़िरकार नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण यह परियोजना जल्द ही शुरू हो रही है।
परियोजना की विशेषताएं
इस परियोजना की अनुमानित लागत 604.59 करोड़ रुपये है और चौड़ीकरण और बेहतर सेवा सड़कों से यातायात की भीड़ में काफी कमी आएगी, जिससे यात्रा सुरक्षित और सुगम हो जाएगी। इसके साथ ही सड़क की मजबूती के लिए कंक्रीट फुटपाथ, जलभराव रोकने के लिए उन्नत जल निकासी व्यवस्था, स्थानीय यात्रियों और व्यवसायों के लिए यातायात अधिक सुविधाजनक और आसान होगी।
पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम में एनएच-48 एक महत्वपूर्ण यातायात मार्ग है। पिंपरी चिंचवड़ शहर अब एक औद्योगिक शहर के रूप में उभरा है। यहां शहरीकरण तेजी से हुआ है। इसके चलते एनएच-48 हाईवे पर भीषण जाम लग गया है। नई सर्विस सड़कों से मुख्य राजमार्गों पर भीड़ कम होगी। यातायात प्रबंधन में सुधार होगा, यह परियोजना स्थानीय यात्रियों और व्यवसायों के लिए आसान पहुंच प्रदान करने में सहायक होगी। यह परियोजना शहर के दीर्घकालिक बुनियादी ढांचे के विकास के लिए महत्वपूर्ण है। यह जानकारी पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका के आयुक्त तथा प्रशासक शेखर सिंह ने दी है।
Post Comment