विकसित हड़पसर मेरा मुख्य उद्देश्य- विकास कार्य करने का जज्बा दिल से होना चाहिए : प्रमोद नाना भानगिरे

विकसित हड़पसर मेरा मुख्य उद्देश्य- विकास कार्य करने का जज्बा दिल से होना चाहिए : प्रमोद नाना भानगिरे

हड़पसर, मार्च (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क)
विकास कार्य करने का जज्बा दिल से होगा, तो आप निश्चित रूप से सफल होंगे। महाराष्ट्र राज्य के मुख्यमंत्री का पदभार एकनाथ शिंदे ने जब से संभाला है, विकास कार्य प्रगति पथ पर है। हड़पसर को विकसित करना मेरा मुख्य उद्देश्य है। हड़पसर में विविध विकास कार्य करने हेतु प्रशासन के पास अनुवर्ती करते हुए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के माध्यम से हड़पसर में विकास कार्य जारी हैं। जारी विकास कार्यों में कोई बाधा या श्रेय लेने की अगर कोई कोशिश करता है तो उसे करारा जवाब दिया जाएगा। यह चेतावनी पुणे शहर शिवसेना प्रमुख प्रमोद नाना भानगिरे ने दी है।

हड़पसर विधानसभा चुनाव क्षेत्र में राज्य सरकार और पुणे महानगरपालिका के माध्यम से पुणे शहर शिवसेना प्रमुख प्रमोद नाना भानगिरे के द्वारा किए गए और जारी विविध विकास कार्यों के बारे में अवगत कराने के लिए आयोजित की गई पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए वे बोल रहे थे। इस अवसर पर यहां शिवसेना पुणे उपजिलाप्रमुख अमर घुले, पुणे उपशहर प्रमुख संतोष रजपूत, विकी माने, विभागप्रमुख अभिमन्यु भानगिरे, महिला उपशहरप्रमुख स्मिता साबले, जहीर भाई, सविता सोलंखे आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे। प्रमोद नाना भानगिरे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में विविध विकास कार्यों के बारे में किया गया पत्र व्यवहार और निधि के लिए की गई अनुवर्ती का सबूत देकर विरोधियों की आलोचना की।

उन्होंने आगे बोलते हुए कहा कि जब उद्धव ठाकरे ढाई साल तक मुख्यमंत्री थे, तब हड़पसर निर्वाचन क्षेत्र में एक रुपया भी नहीं लानेवालों को हमारी आलोचना नहीं करनी चाहिए। एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री होने के बाद तीन सौ करोड़ रुपयों का निधि राज्य सरकार और पुणे महानगरपालिका के माध्यम से हड़पसर विधानसभा चुनाव क्षेत्र में लाई गई है, इस निधि में से डीपी रोड और कई परियोजनाएं शुरू की गईं हैं। हड़पसर में गंभीर हो चुकी ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए हड़पसर में तीन फ्लाईओवरों को तोड़कर फातिमानगर की ओर से एक बड़ा फ्लाईओवर बनाने और मेट्रो के काम में तेजी लाने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात करके उन्हें निवेदन दिया गया है। जल्द ही मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के पास अनुवर्ती करके ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के उपाय किये जायेंगे। मुंढवा, केशवनगर, मांजरी क्षेत्र के कई वर्षों से लंबित मुद्दों के समाधान के लिए निधि आवंटित की गई है।

अन्तरराष्ट्रीय फुटबॉल व क्रिकेट मैदान बनाने के लिए कोशिश जारी है। हड़पसर में बढ़ते अपराध और पुलिस की संख्या को देखते हुए यहां दो और पुलिस थाने स्थापित करने के लिए मुख्यमंत्री और गृह मंत्री से संपर्क किया जाएगा।

नाना भानगिरे ने विश्वास जताया है कि लोकसभा चुनाव में शिरूर लोकसभा चुनाव क्षेत्र से शिवाजीराव आढलराव पाटिल उम्मीदवार होंगे और वह चुनाव में चुनकर आएंगे, वहीं नाना भानगिरे ने यह भी दावा किया है कि अगर हड़पसर विधानसभा चुनाव में उन्हें मौका मिला तो वह हड़पसर विधानसभा चुनाव क्षेत्र की दस साल में कायापलट कर देंगे।

Spread the love

Post Comment