केंद्र के स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान में महाराष्ट्र का पहला स्थान

केंद्र के स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान में महाराष्ट्र का पहला स्थान

स्वच्छता प्रेमी नागरिक, सफाई कर्मचारी हैं इस सफलता के असली नायक : मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे
राज्य के नागरिकों को बधाई, सतत स्वच्छता बनाए रखने की अपील

मुंबई, जनवरी (महासंवाद)
महाराष्ट्र ने केंद्र सरकार के स्वच्छ सर्वेक्षण-2023 पुरस्कार जीतकर अपना परचम लहराया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा ‘बेस्ट परफॉर्मेंस स्टेट’ का पहला पुरस्कार महाराष्ट्र को दिया गया है। यह पुरस्कार मिलने पर राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस सफलता के लिए राज्य की जनता, महानगर पालिका, सभी नगर परिषदों, नगर पंचायतों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र के स्वच्छता प्रेमी नागरिकों के योगदान और सफाई एवं स्वच्छता कर्मचारियों की कड़ी मेहनत के कारण हमने यह शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता के लिए काम करने वाले हाथों को ही इस सफलता का असली नायक (हीरो) बताया है। मुख्यमंत्री ने इस सफलता में अहम योगदान देने वाले सफाई कर्मचारियों और सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

सबसे स्वच्छ शहरों की सूची में नवी मुंबई ने 7-स्टार रेटिंग के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया है। एक लाख से कम आबादी वाले शहरों में नगर परिषद सासवड को पहला और लोनावला शहर को तीसरा स्थान मिला है। पुणे महानगरपालिका को 5 स्टार रेटिंग और पिंपरी चिंचवड़ महानगर पालिका को 5 स्टार रेटिंग के साथ वाटरप्लस रेटिंग मिला है। इसके अलावा एक लाख से कम आबादी वाले शहरों में सासवड, लोनावला, कराड, पाचगनी और वीटा ने स्वच्छ शहर का पुरस्कार जीता है, जबकि गडहिंग्लज, वीटा, देवलाली और सिल्लोड शहरों ने रैंकिंग में अपनी जगह बनाई है। इसके चलते देश के शीर्ष दस स्वच्छ शहरों की सूची में महाराष्ट्र के 8 शहरों ने गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

मुख्यमंत्री श्री शिंदे की संकल्पना के साथ राज्य में ‘महास्वच्छता’ अभियान की शुरुआत हुई है, इससे पहले मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में शुरू किए गए संपूर्ण स्वच्छता अभियान से मुंबई की सड़कें और गलियां साफ होने लगी हैं। इस स्वच्छता आंदोलन में सफाई कर्मचारियों के साथ-साथ जनता भी हिस्सा ले रही है और यह आंदोलन अब जन-आंदोलन का स्वरूप ले चुका है।

मुंबई से शुरू हुए इस अभियान को अब पूरे राज्य में लागू किया जा रहा है। स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कारों में महाराष्ट्र को प्रथम स्थान से सम्मानित किया गया है, इस के परिणाम स्वरुप इस स्वच्छता अभियान में राज्य के लोग, स्थानीय स्वराज्य संस्थाएं और सभी अधिकारी और कर्मचारी ज्यादा जोश और उत्साह के साथ भाग लेंगे। इसके आगे हम सभी स्वच्छता अभियान में निरंतरता बनाए रखें, यह आह्वान मुख्यमंत्री श्री शिंदे ने पुरस्कार और रेटिंग पाने वाले शहरों से किया है। इसके साथ इन शहरों को मुख्यमंत्री ने बधाई भी दी है।

Spread the love

Post Comment