पिंपरी-चिंचवड नगर निगम की 50 राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों के साथ सीएसआर साझेदारी मजबूत
पिंपरी-चिंचवड नगर निगम की 50 राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों के साथ सीएसआर साझेदारी मजबूत
शहरव्यापी जनकल्याण परियोजनाओं को मिला बढ़ावा
पिंपरी, जून (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
पिंपरी चिंचवड़ नगर निगम द्वारा शहर में नागरिक सुविधाओं व जनकल्याण विकास के लिए सीएसआर के तहत दीर्घकालिक साझेदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से चिंचवड़ में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में 50 से अधिक राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
उद्घाटन समारोह में बोलते हुए नगर आयुक्त शेखर सिंह ने शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण के बुनियादी क्षेत्रों में नागरिक-उन्मुख बुनियादी ढांचे को और बढ़ाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने इस अवसर पर कहा, शहर के तेजी से विस्तार को देखते हुए समावेशी विकास जरूरी है। इसके लिए न केवल निधि बल्कि सीएसआर क्षेत्र की कंपनियों की भागीदारी, अनुभव, विशेषज्ञता और मानव संसाधन की भी जरूरत है। साथ ही उन्होंने मोरवाड़ी में दिव्यांग भवन, जो देश में दिव्यांगों के लिए सबसे आधुनिक केंद्रों में से एक है, लाइटहाउस कौशल विकास पहल, भोसरी में सिलाई केंद्र और मोशी में वैज्ञानिक रूप से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजना जैसी महत्वपूर्ण सीएसआर परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने यह भी कहा, सीएसआर का उपयोग करके नगर निगम की शहरी विकास प्राथमिकताओं के अनुरूप ये निर्मित व परियोजनाएं समुदाय के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं।
नगर निगम के मुख्य सूचना एवं प्रौद्योगिकी अधिकारी तथा सीएसआर प्रमुख नीलकंठ पोमन ने उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए कहा, नगर निगम पिछले पांच वर्षों से लगातार विशेष बैठक का आयोजन कर रहा है। इससे अस्पतालों, स्कूलों के साथ-साथ अभिनव पहल को बढ़ावा मिला है। शहर में सीएसआर का प्रभाव नागरिकों को स्पष्ट रूप से दिखाई देता है और नगर निगम इसे और भी व्यापक बनाने का प्रयास कर रहा है।
इस बैठक में अतिरिक्त आयुक्त प्रदीप जांभले पाटिल, तृप्ति सांडभोर, मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. लक्ष्मण गोफने, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभयचंद्र दादेवार, उपआयुक्त सचिन पवार, पंकज पाटिल, सहायक आयुक्त उमेश ढाकणे, प्रशासन अधिकारी संगिता बांगर साथ ही महापालिका कर्मचारी उपस्थित थे। उन्होंने विभिन्न विभागों के अंतर्गत प्रस्तावित परियोजनाओं की जानकारी सीएसआर प्रतिनिधियों से सीधे बातचीत करके दी।
विभिन्न कंपनियों के सीएसआर प्रतिनिधियों ने अपनी चल रही और नियोजित परियोजनाओं का प्रस्तुतीकरण किया, जबकि मनपा के विभागाध्यक्षों ने विभिन्न सहयोग अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर सीएसआर सलाहकार विजय वावरे और श्रुतिका मुंगी ने मनपा को पिछले दो वर्षों में मिले राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों और सीएसआर के माध्यम से हासिल किए गए विकास कार्यों की समीक्षा की।
कार्यक्रम का समापन करते हुए सीएसआर सेल प्रमुख नीलकंठ पोमन ने उपस्थित लोगों को धन्यवाद दिया और पिंपरी चिंचवड़ को अधिक समावेशी, टिकाऊ और भविष्योन्मुखी शहर बनाने के लिए दीर्घकालिक सीएसआर साझेदारी के महत्व पर प्रकाश डाला।
Post Comment