04/08/2025

विट्ठल तुपे पाटिल नाट्यगृह पुणे की सांस्कृतिक महिमा को बढ़ाएगा : आयुक्त डॉ. राजेंद्र भोसले

Vitthal Tupe Natakgrah

विट्ठल तुपे पाटिल नाट्यगृह पुणे की सांस्कृतिक महिमा को बढ़ाएगा : आयुक्त डॉ. राजेंद्र भोसले
स्व. सांसद विट्ठल तुपे पाटिल की पत्नी लीलावती तुपे के शुभहाथों नाट्यगृह का किया गया लोकार्पण

हड़पसर, सितंबर (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
पुणे सांस्कृतिक राजधानी है। यहां के कलाकारों को कला-गुणों को मौका देने के लिए पुणे के पूर्वी भाग में एक बहुत ही खूबसूरत नाट्यगृह महानगरपालिका ने बनाया है। सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यों के लिए उपयोगी विट्ठल तुपे पाटिल नाट्यगृह पुणे के सांस्कृतिक वैभव और महिमा को बढ़ाएगा। यह विचार पुणे महानगरपालिका के प्रशासक तथा आयुक्त डॉ. राजेंद्र भोसले ने व्यक्त किये।

पुणे महानगरपालिका के विट्ठल तुपे पाटिल नाट्यगृह के लोकार्पण समारोह में वे बोल रहे थे। महानगर पालिका के नियोजित कार्यक्रम के अनुसार उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के शुभहाथों से नाट्यगृह का लोकार्पण होनेवाला था, परंतु खराब स्वास्थ्य के कारण पवार उपस्थित न रहने से स्व. विट्ठल तुपे की पत्नी श्रीमती लीलावती तुपे के हाथों नाट्यगृह का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर यहां पुणे महानगर पालिका के प्रशासक तथा आयुक्त डॉ. राजेंद्र भोसले, अतिरिक्त आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी, विधायक चेतन तुपे पाटिल, पूर्व राज्यमंत्री बालासाहेब शिवरकर, पूर्व विधायक जगन्नाथ शेवाले, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजीत पवार) प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश घुले, पूर्व महापौर वैशाली बनकर, स्व. विट्ठल तुपे की बहन बेबीताई टाकलकर, अखिल भारतीय मराठी नाट्य परिषद पुणे के अध्यक्ष मेघराज राजे भोसले, परिसर के पूर्व नगरसेवक, नगरसेविका, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच, साथ ही विभिन्न दलों के पदाधिकारी एवं स्थानीय कलाकार बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

विधायक चेतन तुपे पाटिल ने कहा कि किसानों का एक शहर हड़पसर के उपनगर में होना चाहिए, यह सपना देखनेवाले स्व. विट्ठल तुपे निष्कलंक और चरित्रवान नेतृत्व पुणे शहर और हड़पसर को मिला था। उन्होंने किसानों के साथ मिलकर मगरपट्टा सिटी और अमनोरा सिटी की अवधारणा पेश की और इसे बनाने का प्रयास किया। कला दस्ते के माध्यम से कला के प्रति अपना जुनून विकसित करनेवाले स्व. विट्ठल तुपे ने वरिष्ठ अभिनेता राम नगरकर व नीलू फुले के साथ कुछ फिल्मों में भी काम किया। इसके अलावा उन्होंने नगरसेवक, विधायक, सांसद, फैक्ट्री के अध्यक्ष, विभिन्न संगठनों के संस्थापक व सदस्यों के रूप में काम किया। आज उनकी जयंती के अवसर पर उनके नाम पर बने नाट्यगृह का लोकार्पण किया जा रहा है, यह कहते हुए विधायक तुपे काफी भावुक हो गए थे।
कार्यक्रम का प्रास्ताविक महानगरपालिका आयुक्त डॉ. राजेंद्र भोसले और आभार प्रदर्शन अतिरिक्त आयुक्त पृथ्वीराज बी. पी. ने किया।

हड़पसर मालवाड़ी के सर्वे नंबर 165 में दो एकड़ भूमि पर एक नाट्यगृह स्थापित करने का विचार जब मैं नगरसेवक था तब मेरे मन में आया। आज पुणे के पूर्वी भाग में इस बेहद खूबसूरत व आकर्षक वास्तु का लोकार्पण हो रहा है। यह सभी हड़पसरवासियों के लिए गर्व का क्षण है। सभी हड़पसर निवासियों के आग्रह पर इस भवन का नाम विट्ठल तुपे नाट्यगृह रखा गया। इसके अलावा आज स्वर्गीय विट्ठल तुपे पाटिल की जयंती है और उसी दिन हड़पसरवासियों की सेवा में इस नाट्यगृह का लोकार्पण हुआ है। इसका मुझे और पूरे तुपे परिवार को बेहद खुशी है।

चेतन तुपे पाटिल, विधायक हड़पसर विधानसभा

About The Author

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *