13/07/2025

पुणे, खड़की, औरंगाबाद, देवलाली, अहमदनगर, कामठी छावनी क्षेत्रों का नगर निगमों में विलय : मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

Hadapsar Express Logo

पुणे, खड़की, औरंगाबाद, देवलाली, अहमदनगर, कामठी छावनी क्षेत्रों का नगर निगमों में विलय : मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

मुंबई, जुलाई (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घोषणा की है कि पुणे और खड़की छावनी क्षेत्र का पुणे महानगरपालिका में, औरंगाबाद छावनी क्षेत्र का छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका में, देवलाली और अहमदनगर छावनी क्षेत्र का स्वतंत्र नगर परिषद में और कामठी छावनी क्षेत्र का येरखेडा नगर पंचायत में समावेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छावनी क्षेत्रों को नगर निगमों और स्थानीय स्वराज संस्थाओं में समाहित किए जाने से इन क्षेत्रों में नगरीय सुविधा और समग्र विकास को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री फडणवीस राज्य विधान भवन में महाराष्ट्र के छावनी क्षेत्रों के नगरपालिकाओं/ महानगरपालिकाओं में समावेश विषयक बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में उपमुख्यमंत्री अजीत पवार, राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट, ओबीसी कल्याण मंत्री अतुल सावे, नगर विकास राज्यमंत्री माधुरी मिसाल, विधान परिषद सदस्य सिद्धार्थ शिरोले, सरोज अहिरे, संग्राम जगताप, सुनील कांबले, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव के. एच. गोविंदराज, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अश्विनी भिडे, रक्षा मंत्रालय के सह सचिव (वीसी के माध्यम से), पुणे, पिंपरी-चिंचवड, नाशिक, छत्रपति संभाजीनगर, अहमदनगर जिलाधिकारी, पुणे दक्षिण कमांड के निदेशक, संबंधित महानगरपालिकाओं के आयुक्त, नगर परिषद प्रशासन संचालनालय के आयुक्त तथा संबंधित नगर परिषदों के मुख्याधिकारी और पुणे, खड़की, देवलाली, छत्रपति संभाजीनगर, कामठी, अहमदनगर, देहू रोड छावनी परिषदों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि कई वर्षों से छावनी क्षेत्रों के नागरिक विकास कार्यों की माँग कर रहे थे। इसे देखते हुए केंद्र सरकार ने इन शहरी छावनी क्षेत्रों को उनके निकटवर्ती महानगरपालिका अथवा नगरपालिका में समाविष्ट करने का निर्णय लिया है। महाराष्ट्र में पुणे, खड़की, देवलाली, छत्रपति संभाजीनगर, कामठी, अहमदनगर (अहिल्यानगर) और देहू रोड में छावनी क्षेत्र हैं। प्रत्येक क्षेत्र की विशिष्ट परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए, कुछ स्थानों को सीधे महानगरपालिका में और कुछ स्थानों को नई नगरपालिकाओं के रूप में गठित किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि इन क्षेत्रों में कर, बिजली, जलापूर्ति, आर्थिक विषय और कर्मचारियों के स्थानांतरण जैसे सभी मामले रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी मार्गदर्शक सूचनाओं के अनुसार पूर्ण किए जाएंगे। इस समावेश से संबंधित क्षेत्रों को नगरीय सुविधा तथा अन्य विकास योजनाओं का लाभ मिलेगा।

जिला नियोजन निधि से विकास कार्य होंगे : उपमुख्यमंत्री अजीत पवार
उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने कहा कि पुणे, खड़की, देवलाली, औरंगाबाद, कामठी और अहमदनगर जैसे छावनी क्षेत्रों के नगर निगमों/नगर परिषदों में समावेश के बाद इन क्षेत्रों के विकास के लिए जिला नियोजन समिति के माध्यम से राज्य सरकार आर्थिक सहायता देगी। उन्होंने संबंधित नगर परिषदों और महानगरपालिकाओं से अनुरोध किया कि वे विकास से संबंधित प्रस्ताव जिला नियोजन समिति के समक्ष प्रस्तुत करें।

About The Author

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *