31/07/2025

पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम को मिला ‘महाराष्ट्र स्वास्थ्य सम्मान-2025 पुरस्कार’

PCMC Award

पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम को मिला ‘महाराष्ट्र स्वास्थ्य सम्मान-2025 पुरस्कार’

पिंपरी, अप्रैल (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर सोमवार (7 अप्रैल) को मुंबई के यशवंतराव चव्हाण सभागृह में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम ‘महाराष्ट्र स्वास्थ्य पुरस्कार-2025’ में पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका के चिकित्सा विभाग को दो पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। महाराष्ट्र राज्य विधान परिषद के सभापति प्रो.राम शिंदे व सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री प्रकाश अबिटकर के हाथों यह सम्मान प्रदान किया गया।

नगर निगम की ओर से स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मण गोफने, यशवंतराव चव्हाण मेमोरियल अस्पताल के अधिष्ठाता डॉ. राजेंद्र वाबले, अतिरिक्त स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभयचंद्र दादेवार, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंजलि ढोणे, डॉ. राजेंद्र फिरके, डॉ. बालासाहेब होडगर, डॉ. ऋतुजा लोखंडे, चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रीकांत सुपेकर, डॉ. संध्या भोईर और यशस्विता बानखेले (पीएचएन) ने सम्मान स्वीकार किया।

महाराष्ट्र स्वास्थ्य पुरस्कार 2025 कार्यक्रम में सार्वजनिक स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले जिलों, नगर निगमों, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाली संस्थाओं और अस्पतालों को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस पुरस्कार समारोह में पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका के चिकित्सा विभाग को दो पुरस्कार प्राप्त हुए।

‘राज्य में सर्वाधिक प्रसववाले शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र’ की श्रेणी में स्व. ह.भ.प. प्रभाकर मल्हारराव कुटे मेमोरियल अस्पताल, आकुर्डी को प्रथम पुरस्कार दिया गया है। इसके अलावा पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम को चिकित्सा अधिकारी स्वास्थ्य (एमओएच रैंकिंग) श्रेणी में दूसरा स्थान मिला है। इस पुरस्कार के लिए पूरे वर्ष के दौरान अस्पतालों द्वारा प्रदान की गई सभी सेवाओं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों और प्रजनन एवं बाल स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर विस्तार से विचार और मूल्यांकन करके स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारियों की रैंकिंग निर्धारित की गई थी।

इस कार्यक्रम में कुल 51 पुरस्कार प्रदान किये गये, जिनमें राज्यभर के जिला अस्पतालों और नगर निगमों को दिए गए पुरस्कार भी शामिल थे। महाराष्ट्र के 27 नगर निगमों में से केवल 5 नगर निगमों को कुल 6 पुरस्कार मिले हैं, जिनमें से 2 पुरस्कार पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम को मिले हैं।

पिपरी- चिंचवड महानगरपालिका के आयुक्त तथा प्रशासक शेखर सिंह ने कहा कि पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका को राज्यस्तर पर दो पुरस्कार प्राप्त हुए हैं और यह सम्मान पिंपरी-चिंचवड़ शहर के सभी नागरिकों का है। यह नगर निगम के चिकित्सा विभाग द्वारा लगातार किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान है। आनेवाले दिनों में भी पिंपरी चिंचवड़ शहर के नागरिकों को सर्वोत्तम स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का प्रयास मनपा जारी रखेगी।

निगम के अतिरिक्त आयुक्त विजयकुमार खोराटे ने कहा कि ‘महाराष्ट्र स्वास्थ्य पुरस्कार-2025’ में प्राप्त पुरस्कार मनपा की चिकित्सा व्यवस्था में कार्यरत प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की सफलता का प्रमाण हैं। नगर निगम आधुनिक तकनीक, डेटा-संचालित संचालन और नागरिक-उन्मुख दृष्टिकोण के माध्यम से स्वास्थ्य सेवा को अधिक प्रभावी और जन-उन्मुख बनाने के लिए प्रयासरत है और इस कार्य के लिए राज्यस्तर पर प्राप्त पुरस्कार प्रेरणादायक हैं।

निगम के स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मण गोफणे ने बताया कि मनपा के आयुक्त और अतिरिक्त आयुक्त के मार्गदर्शन में हम महानगरपालिका की चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। नगर निगम को मिला यह पुरस्कार हमारे स्वास्थ्य विभाग द्वारा किये गए कार्यों के लिए एक प्रोत्साहन है। हम यह सुनिश्चित करने की योजना बना रहे हैं कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा मिलती रहे।

About The Author

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *