‘वन ट्रिलियन डॉलर’ की अर्थव्यवस्था की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है महाराष्ट्र : मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

मुंबई, अगस्त (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि भारत ने पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य रखा है। इसमें महाराष्ट्र ने सबसे बड़ा योगदान दिया है और राज्य की अर्थव्यवस्था को ‘वन ट्रिलियन डॉलर’ बनाने की दिशा में आगे तेज़ी से बढ़ा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक को 2047 तक ‘विकसित महाराष्ट्र’ के स्वप्न को साकार करने के लिए सहयोग करने का आवाहन किया है।
राज्य के सह्याद्री अतिथिगृह में एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक के इन्वेस्टमेंट सॉल्यूशन्स के उपाध्यक्ष अजय कुमार पांडे के साथ आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री श्री फडणवीस ने यह बातें कहीं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘विकसित महाराष्ट्र’ की योजना को तीन चरणों में तैयार किया जा रहा है। इसमें अल्पकालीन, मध्यमकालीन और दीर्घकालीन लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर (बुनियादी सुविधाओं) की परियोजनाएं (प्रोजेक्ट्स) के काम तेज़ी से चल रहे हैं और कई परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनके लिए वित्तीय संस्थाओं की सहायता प्राप्त होगी। श्री फडणवीस ने इस बात पर खुशी व्यक्त की कि एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक जैसी संस्था इन परियोजनाओं के लिए महाराष्ट्र के साथ खड़ी हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने नीति आयोग और वित्त मंत्रालय को नौ बड़े प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत किए हैं। राज्य में बड़े पैमाने पर नदियों को जोड़ने की योजना भी बनाई गई है, जिसके लिए वित्तीय सहायता की भी जरुरत पड़ेगी। राज्य में पांच नदी-जोड़ परियोजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं। राज्य की अर्थव्यवस्था में आमूल-चूल परिवर्तन लाने वाली वैनगंगा-नलगंगा-पैनगंगा नदी जोड़ो परियोजना का सर्वेक्षण अंतिम चरण में है। इस परियोजना से न केवल खेती बल्कि उद्योगों को भी लाभ होगा। इसके साथ ही, दमणगंगा-गोदावरी नदी जोड़ो परियोजना से समुद्र में बहने वाला पानी मराठवाड़ा में गोदावरी बेसिन में लाया जाएगा। इसी तरह से पंप स्टोरेज योजना के माध्यम से एक लाख मेगावाट ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। पंप स्टोरेज क्षेत्र में कई निजी कंपनियां भी हैं। इन कंपनियों को बैंकों से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विकसित महाराष्ट्र की अवधारणा के लिए बहुत मददगार होगा।
मुख्यमंत्री श्री फडणवीस ने कहा कि किसानों के लिए कई सौर ऊर्जा आधारित कई परियोजनाएँ शुरू की गई हैं। इसके लिए राज्य को बैंक सहायता की आवश्यकता होगी। सौर ऊर्जा आधारित कृषि पंप योजना का क्रियान्वयन युद्धस्तर पर किया जा रहा है। यह योजना देश के लिए एक मार्गदर्शक बन गई है और अन्य राज्यों में भी इसे लागू किया जा रहा है। हर साल तीन से चार लाख सौर ऊर्जा आधारित कृषि पंप लगाए जाएंगे। शहरों में तेज़ी विकास के लिए भूमिगत और एलिवेटेड मेट्रो, टनल रोड, कोस्टल रोड आदि परियोजनाएँ कार्यान्वित की जा रही हैं।
इस बैठक में एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक के उपाध्यक्ष अजय कुमार पांडे ने एशिया और विश्व में बैंक द्वारा चलाई जा रही परियोजनाओं (प्रोजेक्ट्स) की जानकारी दी और महाराष्ट्र में चल रही परियोजनाओं तथा भविष्य की परियोजनाओं के लिए सहयोग का आश्वासन भी दिया।
इस बैठक में ‘मित्रा’ संस्था के सीईओ प्रवीण परदेशी ने प्रस्तावना रखी। उन्होंने राज्य में चल रही परियोजनाओं की जानकारी दी। राज्य के मुख्य सचिव राजेश कुमार, बैंक के वरिष्ठ निवेश अधिकारी प्रत्यूष मिश्रा, मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण के महानगर आयुक्त संजय मुखर्जी, बृहन्मुंबई महानगरपालिका के आयुक्त भूषण गगराणी, सिडको के प्रबंध निदेशक विजय सिंघल, लोक निर्माण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव मनीषा म्हैसकर, वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ओ.पी. गुप्ता आदि सहित विभिन्न विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव और प्रधान सचिव उपस्थित थे। इसके साथ ही, इस बैठक में मनपा आयुक्त, क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण के महानगर आयुक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित थे।