पूर्व उपमुख्यमंत्री छगन भुजबल मंत्रिमंडल में शामिल : राज्यपाल ने दिलाई मंत्री पद की शपथ

पूर्व उपमुख्यमंत्री छगन भुजबल मंत्रिमंडल में शामिल : राज्यपाल ने दिलाई मंत्री पद की शपथ
मुंबई, मई (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन ने राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री छगन चंद्रभागा चंद्रकांत भुजबल को मंत्री पद की शपथ दिलाई। उन्हें महाराष्ट्र मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।
मुंबई के राजभवन में आयोजित एक संक्षिप्त शपथ ग्रहण समारोह में विधानपरिषद के सभापति प्रो. राम शिंदे, विधानसभा अध्यक्ष ॲड. राहुल नार्वेकर, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री अजित पवार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
राज्यपाल राधाकृष्णन ने छगन भुजबल को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, संसदीय कार्य मंत्री चंद्रकांत पाटील, जलसंपदा (गोदावरी एवं कृष्णा खोरे विकास महामंडल) मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटील, शालेय शिक्षण मंत्री दादाजी भुसे, वैद्यकीय शिक्षण मंत्री हसन मुश्रीफ, अन्न व औषध प्रशासन मंत्री नरहरी झिरवाळ, उद्योग व मराठी भाषा मंत्री उदय सामंत, आदिवासी विकास मंत्री अशोक उईके, इतर मागास बहुजन कल्याण व दुग्ध व्यवसाय विकास मंत्री अतुल सावे, खेल व युवा कल्याण मंत्री दत्तात्रय भरणे, कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता व नवाचार मंत्री मंगल प्रभात लोढा, सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट, मृदा व जलसंधारण मंत्री संजय राठौड़, सांसद प्रफुल्ल पटेल व सुनील तटकरे, मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, राज्यपाल के सचिव प्रशांत नारनवरे तथा श्री भुजबल के परिवारजन उपस्थित थे।
शपथ समारोह की शुरुआत मुख्य सचिव सुजाता सौनिक द्वारा राज्यपाल से अनुमति लेने के साथ हुई। इसके बाद राज्यपाल ने छगन भुजबल को शपथ दिलाई। शपथ के बाद राज्यपाल ने पुष्पगुच्छ देकर भुजबल का स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री फडणवीस, उपमुख्यमंत्री शिंदे और उपमुख्यमंत्री पवार ने भी पुष्पगुच्छ देकर उन्हें बधाई दी।
Share this content: