अमनोरा की पहल पर पुलिस बल को उपलब्ध कराए गए वाहन; दक्षता बढ़ाने में करेंगे मदद : पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार

अमनोरा की पहल पर पुलिस बल को उपलब्ध कराए गए वाहन; दक्षता बढ़ाने में करेंगे मदद : पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार
हड़पसर, जून (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
पुणे पुलिस बल पुणेकरों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। यातायात संबंधी समस्याओं, महिला सुरक्षा, सड़क पर होनेवाले दुर्व्यवहार, अनधिकृत फेरीवालों के खिलाफ कार्रवाई करके नागरिकों की समस्याओं को हल करने को प्राथमिकता दी जाएगी। अमनोरा की पहल से पुलिस बल को उपलब्ध कराए गए नौ चार पहिया वाहन सतर्कता बढ़ाने में निश्चित रूप से मदद करेंगे। यदि नागरिक हमारे कार्य में सहयोग करेंगे तो इससे पुलिस बल की कार्यकुशलता बढ़ेगी और शहर में अनुशासन आएगा। यह विचार पुणे शहर के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने व्यक्त किये।
महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के उद्देश्य से सिटी कॉर्पोरेशन लिमिटेड (अमनोरा) की सामाजिक प्रतिबद्धता परियोजना के माध्यम से पुणे शहर के जोन 5 में कुल 9 किआ कैरेंस चार पहिया वाहन वितरित किए गए। इन सभी वाहनों को महिला पुलिसकर्मी चलाएंगी। इन वाहनों का वितरण पुणे शहर के पुलिस आयुक्त श्री अमितेश कुमार के शुभ हाथों सिटी कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री अनिरुद्ध देशपांडे की उपस्थिति में किया गया। सीएसआर फंड से पुलिस विभाग को प्रदान किए गए वाहनों का हस्तांतरण समारोह हड़पसर के अमनोरा पार्क टाउन क्लब में आयोजित किया गया तब वे बोल रहे थे। इस अवसर पर यहां अपर पुलिस आयुक्त मनोज पाटिल, परिमंडल 5 के पुलिस उपायुक्त डॉ. राजकुमार शिंदे, आदित्य देशपांडे के साथ पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
सिटी कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री अनिरुद्ध देशपांडे ने अमनोरा द्वारा जारी सामाजिक एवं विधायक पहल के बारे में विस्तृत जानकारी दी। नारी शक्ति को अमनोरा सलाम करती है। महिलाओं का सशक्तिकरण होना बेहद जरूरी है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में हम अहम योगदान दे रहे हैं। महिलाओं की सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए ही पुलिस बल को उक्त गाड़ियां प्रदान की गई हैं।
Share this content: