पिंपरी चिंचवड़ नगर निगम प्लास्टिक पर प्रतिबंध के लिए तैयार : नियमों का उल्लंघन करनेवालों के खिलाफ की जाएगी दंडात्मक एवं कानूनी कार्रवाई
पिंपरी, नवंबर (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
राज्य में प्लास्टिक प्रतिबंध को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रशासन अब युद्धस्तर पर सक्रिय हो गया है। पिंपरी चिंचवड़ मनपा ने प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल पर उपभोक्ताओं एवं विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने का अभियान शुरू कर दिया है। ऐसा पाए जाने पर दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। यह जानकारी महानगरपालिका के स्वास्थ्य विभाग ने दी है।
राज्य सरकार द्वारा 15 जुलाई, 2022 को जारी अधिसूचना के अनुसार, प्लास्टिक लेपित या प्लास्टिक परतवाली वस्तुओं पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस अधिसूचना के तहत, कागज या एल्युमीनियम पर प्लास्टिक की परत वाली एकल-उपयोग वाली वस्तुएं जैसे बर्तन, कप, प्लेट, कटोरे, कंटेनर, चम्मच, गिलास आदि को पूर्णतः प्रतिबंधित वस्तुओं की सूची में शामिल किया गया है। इस निर्णय का उद्देश्य दैनिक कचरे में प्लास्टिक की मात्रा को उल्लेखनीय रूप से कम करना है क्योंकि प्लास्टिक का अपघटन बहुत कठिन होता है और यह गंभीर पर्यावरणीय प्रदूषण का कारण बनता है। कई बार, इस प्लास्टिक कचरे को जलाशयों में फेंक दिया जाता है या जला दिया जाता है, जिससे वायु और जल प्रदूषण भी बढ़ता है।
इस तरह होगा दंड का प्रावधान
पहली बार उल्लंघन- 5,000 रुपये का जुर्माना।
दूसरी बार उल्लंघन- 10,000 रुपये का जुर्माना।
तीसरी बार उल्लंघन पाया जाता है तो 25,000 रुपये का जुर्माना व आगे कानूनी कार्रवाई।
प्रभागनिहाय टीमों की नियुक्ति
पिंपरी चिंचवड़ नगर निगम ने प्लास्टिक प्रतिबंध के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रभागनिहाय विशेष टीमें नियुक्त की हैं। इन टीमों को जुर्माना लगाने और ज़ब्ती की कार्रवाई करने का अधिकार दिया गया है। दुकानों, बाज़ारों व बड़े खुदरा केंद्रों पर नियमित निरीक्षण अभियान चलाए जा रहे हैं। हालाँकि, नगर निगम नागरिकों से प्लास्टिक की थैलियों के बजाय पर्यावरण-अनुकूल कपड़े के थैलों का उपयोग करने की अपील कर रहा है।
प्लास्टिक प्रतिबंध अभियान स़िर्फ अभियान नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा है। नागरिकों को इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए और कपड़े के थैलों का उपयोग बढ़ाना चाहिए। पिंपरी चिंचवड़ को एक स्वच्छ, सुंदर व प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने के लिए हर नागरिक को पहल करनी चाहिए। यह अपील नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त विजयकुमार खोराटे ने की है।
प्लास्टिक के उपयोग को रोकने के लिए नगर निगम जागरूकता अभियान के साथ निरीक्षण अभियान भी चला रहा है। प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग करनेवालों के विरुद्ध दंडात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों को पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों को अपनाकर स्वच्छ, हरित और सुंदर शहर के निर्माण में योगदान देना चाहिए। यह अनुरोध नगर निगम के उपायुक्त डॉ. प्रदीप ठेंगल ने किया है।
