घोरपडी, नवंबर (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
घोरपडी स्थित बी.टी. कवड़े रोड पर नगर निगम का बालासाहेब कवड़े क्रीडांगण जीर्ण-क्षीर्ण अवस्था में है। पिछले कई वर्षों से इस क्रीड़ांगण की मरम्मत और रखरखाव हेतु मनपा प्रशासन की ओर से कोई भी ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। इस क्रीड़ांगण की ओर मनपा पूरी तरह से अनदेखी कर रहा है, जिसके कारण स्थानीय नागरिकों में नाराजगी है। अगर मनपा प्रशासन ने जल्द से जल्द बालासाहेब कवड़े क्रीड़ांगण की मरम्मत और रखरखाव हेतु कोई ठोस कदम नहीं उठाएं तो शिवसेना स्टाइल में जवाब दिया जाएगा। यह चेतावनी शिवसेना ओबीसी/वीजेएनटी के पुणे जिला प्रमुख पंकज कोद्रे ने मनपा प्रशासन को निवेदन देकर दी है।
पिछले कुछ वर्षों से नगरपालिका इस खेल के मैदान की मरम्मत और रखरखाव के लिए समय-समय पर निधि स्वीकृत करती रही है। निधि खर्च करने के बाद, इस खेल के मैदान का नवीनीकरण आवश्यक हो गया था। हालाँकि, यह सवाल उठता रहा है कि निधि स्वीकृत होने के बावजूद इस क्रीड़ांगण की हालत इतनी खस्ता क्यों है?
कई प्रभागों में खेल के मैदानों के लिए जगह नहीं है। हालाँकि, यहाँ जगह होने के बावजूद, खेल के मैदान की खस्ता हालत के कारण बच्चे खेल नहीं पा रहे हैं, जो एक बड़ी त्रासदी है। इस खेल के मैदान में व्यायाम उपकरण लगाए गए थे, परंतु वे पूरी तरह से बिखरे हुए पड़े है। कुछ वर्ष पहले यहां एक व्यायामशाला भवन बनाया गया था, लेकिन वह अब तक बंद है। इसके अलावा चारों तरफ बड़ी-बड़ी घास और झाड़ियाँ उग आई हैं। हर जगह कूड़ा-कचरा फैला है। यहां नियमित रूप से साफ-सफाई भी नहीं की जा रही है। क्रीड़ांगण के चारों तरफ टूटी हुई शराब की बोतलें पड़ी हैं, जिससे नागरिकों में आक्रोश है कि यह खेल का मैदान है या शराबियों का अड्डा।
घोरपडी स्थित कवड़े क्रीड़ांगण की दुरावस्था ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि बच्चे खेलें तो कहाँ? खेल के मैदान में कोई सुविधा नहीं है। नगर पालिका इस खेल के मैदान के रखरखाव की उपेक्षा कर रही है। नगर निगम प्रशासन को इस खेल मैदान का तुरंत जीर्णोद्धार करना चाहिए अन्यथा शिवसेना की ओर से आंदोलन किया जाएगा।
