पुणे, अक्टूबर (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ‘बजाज पुणे ग्रैंड टूर 2026’ जैसी ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय साइकलिंग स्पर्धा के माध्यम से पुणे के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और पर्यटन स्थलों का महत्व उजागर होगा और राज्य के पर्यटन को नई गति मिलेगी। इससे राज्य की अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन मिलेगा, प्रदूषण पर नियंत्रण में मदद होगी और पुणे की “साइकिल का शहर” के रूप में पुरानी पहचान पुनः स्थापित होगी। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता राज्य सरकार, पुणे जिला प्रशासन और साइकलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने ‘बजाज पुणे ग्रैंड टूर 2026’ के लोगो और जर्सी का अनावरण किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं पुणे के संरक्षक मंत्री अजित पवार, केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्यमंत्री रक्षा खडसे, नगर विकास राज्यमंत्री माधुरी मिसाल, एशियाई साइकलिंग महासंघ के अध्यक्ष दातो अमरजीत सिंह गिल, साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव दातो मनिंदर पाल सिंह, एशियाई महासंघ के पूर्व महासचिव ओंकार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्रीकर परदेशी सहित अनेक मान्यवर उपस्थित थे।

साइकलिंग संस्कृति को नया आयाम देगा ‘पुणे ग्रैंड टूर’ : मुख्यमंत्री फडणवीस
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि साइकिल का “मैका” कहलाने वाले पुणे में अब वास्तव में एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता हो रही है।
उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता से राज्य की अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा और लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। प्रदूषण और बदलती जीवनशैली के कारण बढ़ती बीमारियों को देखते हुए साइकलिंग को बढ़ावा देना आज की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वभर में साइकिल चालकों का सम्मानपूर्वक गौरव किया जाता है, और इस पृष्ठभूमि में ‘पुणे ग्रैंड टूर’ साइकलिंग संस्कृति को नया आयाम देगा। यह आयोजन पुणे को विश्व के साइकलिंग मानचित्र पर प्रतिष्ठित करेगा।
उन्होंने बताया कि भारत में साइकिल 150 वर्ष पूर्व “श्रीमंतों के वाहन” के रूप में आई थी और उस समय साइकिल चलाने के लिए लाइसेंस की आवश्यकता होती थी। पुणे में वर्ष 1947 में पहली साइकिल प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, जिससे पुणे की पहचान “साइकिल का शहर” के रूप में बनी। अब जब यह स्पर्धा अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर में शामिल हो गई है, तो यह आयोजन अत्यंत सफल रहेगा और देश के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा, ऐसा विश्वास उन्होंने व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने पुणे की 77 वर्षीय साइकिलपटु निरुपमा भावे, प्रीति म्हस्के, अहिल्यानगर की प्रणिती सोमण, छत्रपती संभाजीनगर के भारत सोनवणे, जळगांव के आकाश म्हेत्रे और सोलापुर की पूजा दानोळे की उल्लेखनीय उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए उनका अभिनंदन किया।
“साइकलिंग स्पर्धा स्वास्थ्य, पर्यटन और विकास का उत्सव बनेगी” : उपमुख्यमंत्री अजित पवार
उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि ऐतिहासिक विरासत वाले पुणे से ग्रैंड चैलेंज टूर की शुरुआत होना पुणे के लिए गर्व की बात है।
यह कठिन स्पर्धा सह्याद्री पर्वतरांगों के बीच से गुजरते हुए 200 से अधिक गांवों से होकर जाएगी।
‘टूर द फ्रांस’ से प्रेरित यह प्रतियोगिता केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि पर्यावरण, स्वास्थ्य और सतत जीवनशैली का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का लोगो भिमाशंकर, महाबलेश्वर और भंडारदरा क्षेत्र में पाई जाने वाली दुर्लभ प्रजाति भारतीय शेकरू (उड़ने वाली गिलहरी) पर आधारित है। इस आयोजन से ग्रामीण पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने कहा, “यह स्पर्धा स्वास्थ्य, रोजगार, पर्यटन और विकास का एक संयुक्त महोत्सव सिद्ध होगी।”
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि यह स्पर्धा पुणे के जिल्हाधिकारी जितेंद्र डूडी की संकल्पना से आयोजित हो रही है। उन्होंने कम समय में उत्कृष्ट तैयारी करने के लिए जिला प्रशासन और सभी सरकारी यंत्रणाओं की प्रशंसा की तथा प्रतियोगिता मार्ग के रस्तों की मरम्मत और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
“खेल क्षेत्र विकसित भारत के निर्माण का आधार” : केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा खडसे
केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्यमंत्री रक्षा खडसे ने कहा कि वर्ष 2036 में भारत में ओलंपिक खेलों के आयोजन का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विज़न है। विकसित भारत और विकसित महाराष्ट्र के लक्ष्य की दिशा में खेल क्षेत्र की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने बताया कि “साइकिल ऑन संडे” पहल के तहत देशभर के 5,000 से 6,000 स्थानों पर साप्ताहिक साइकलिंग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें लगभग 5 लाख साइकिल प्रेमी भाग लेते हैं। यह पहल प्रधानमंत्री मोदी के “फिट इंडिया” स्वप्न को साकार करने में सहायक है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का खेल नीति अब स्पोर्ट्स टूरिज्म को प्रोत्साहित करने पर केंद्रित है, और महाराष्ट्र जैसे राज्य में जहां विविध पर्यटन स्थल हैं, वहां ‘पुणे ग्रैंड चैलेंज टूर’ इस दिशा में देशभर के लिए एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करेगा।
रक्षा खडसे ने यह भी कहा कि स्पोर्ट्स साइंस एक नया उभरता क्षेत्र है, जो खिलाड़ियों के प्रदर्शन में वैज्ञानिक सुधार लाने में सहायक होगा।
कार्यक्रम की प्रस्तावना देते हुए पुणे के विभागीय आयुक्त डॉ. चंद्रकांत पुलकुंडवार ने ‘पुणे ग्रैंड टूर 2026’ की संकल्पना और तैयारी की सविस्तर जानकारी दी।
मुख्यमंत्री फडणवीस, उपमुख्यमंत्री पवार, केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा खडसे और अन्य अतिथियों के हस्ते प्रतियोगिता का लोगो, जर्सी और शुभंकर “इंदू” जारी किया गया।
इस अवसर पर विधायक अमित गोरखे, राहुल कुल, सिद्धार्थ शिरोले, बाबाजी काले, शंकर मांडेकर, पुणे पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार, पुणे महानगरपालिका आयुक्त नवल किशोर राम, पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस आयुक्त विनयकुमार चौबे, विभागीय आयुक्त डॉ. पुलकुंडवार, क्रीड़ा व युवक सेवा आयुक्त शीतल तेली उगले, जिल्हाधिकारी जितेंद्र डूडी, जिला परिषद सीईओ गजानन पाटील सहित अनेक गणमान्य उपस्थित थे।
‘पुणे ग्रैंड टूर 2026’ के मुख्य प्रायोजक बजाज हैं, जबकि सिरम इंस्टीट्यूट, चितळे बंधु और पंचशील ग्रुप सह-प्रायोजक हैं। इन संस्थाओं के प्रतिनिधि भी समारोह में उपस्थित थे।
