नांदेड–मुंबई ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ ने खोला मराठवाड़ा की समृद्धि का द्वार : मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी, नांदेड–मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ

 

मुंबई, अगस्त (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)

मराठवाड़ा के विकास के लिए राज्य सरकार दळणवळण (कनेक्टिविटी) सुविधाओं पर विशेष जोर दे रही है। ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ के माध्यम से नांदेड शहर अब मुंबई के और भी निकट आ गया है। इससे निश्चित ही मराठवाड़ा की समृद्धि का द्वार खुलेगा, ऐसा विश्वास मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने व्यक्त किया।

नांदेड–मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ नांदेड रेलवे स्टेशन से किया गया। मुख्यमंत्री फडणवीस ने मंत्रालय से ऑनलाइन माध्यम द्वारा हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। मंत्रालय में आयोजित कार्यक्रम में राज्य की स्वास्थ्य राज्यमंत्री डॉ. मेघना बोर्डीकर साकोरे, मध्य रेलवे के महाप्रबंधक धर्मवीर मीना, प्रधान मुख्य परिचालन अधिकारी श्याम सुंदर गुप्ता, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) अवनीश कुमार पांडे, विभागीय प्रबंधक हिरेश मीना आदि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे नई दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्नत देशों जैसी सुविधाओं से लैस स्वदेश निर्मित ‘वंदे भारत’ ट्रेन इसका प्रतीक है। मुंबई से नांदेड का 610 किलोमीटर का सफर अब केवल 9 से 9.5 घंटे में पूरा होगा। पहले यह सेवा केवल जालना तक सीमित थी, अब इसे हुजूर साहिब नांदेड तक विस्तारित किया गया है। ट्रेन की क्षमता 500 से बढ़ाकर 1440 यात्रियों तक की गई है और कोचों की संख्या 8 से बढ़ाकर 20 कर दी गई है।

नांदेड सिख धर्मावलंबियों का प्रमुख तीर्थस्थल है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को अब ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ के माध्यम से तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव होगा। मुख्यमंत्री फडणवीस ने इस अवसर पर मराठवाड़ा की जनता को बधाई भी दी।

नांदेड में आयोजित कार्यक्रम में सांसद अशोक चव्हाण, सांसद डॉ. अजित गोपछडे, विधायक विक्रम काळे, जिलाधिकारी राहुल कर्डीले, नांदेड परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक शहाजी उमाप, पुलिस अधीक्षक अबिनाश कुमार तथा डीएमआर प्रदीप कांबले आदि उपस्थित रहे।

नांदेड–मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस की विशेषताएं :

  • मराठवाड़ा के नांदेड को राज्य की राजधानी मुंबई से जोड़ने वाली पहली वंदे भारत एक्सप्रेस।
  • 610 किमी का सफर केवल 9 घंटे 30 मिनट में पूरा, अन्य गाड़ियों की तुलना में यात्रा समय में बड़ी कटौती।
  • महाराष्ट्र के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों के बीच तेज, सुरक्षित और आरामदायक वातानुकूलित दिन का सफर।
  • हुजूर साहिब नांदेड से बुधवार को और मुंबई छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से गुरुवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन सेवा उपलब्ध।
  • नियमित यात्री, श्रद्धालु, अधिकारी व व्यापारी वर्ग के लिए अत्यंत उपयोगी।
  • पर्यटकों और तीर्थयात्रियों के लिए यात्रा और भी आसान।
Please Share ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *