22/06/2025

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में महाराष्ट्र दिवस का भव्य आयोजन

0
IMG-20250430-WA0549

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में महाराष्ट्र दिवस का भव्य आयोजन

वर्धा, अप्रैल (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)

महाराष्ट्र के एकमात्र केंद्रीय विश्वविद्यालय, महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा में 1 मई 2025 को ‘महाराष्ट्र दिवस’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रोफेसर कुमुद शर्मा वाचस्पति भवन प्रांगण में प्रातः 8:00 बजे ध्वजारोहण करेंगी।

विश्वविद्यालय की स्थापना 1997 में नागपुर में 1975 में सम्पन्न प्रथम विश्व हिंदी सम्मेलन के प्रस्ताव के तहत भारत की संसद के निर्णय अनुसार महात्मा गांधी की कर्मभूमि वर्धा में की गई थी। हिंदी भाषा के अंतरराष्ट्रीय विकास हेतु स्थापित यह विश्वविद्यालय महाराष्ट्र का एकमात्र केंद्रीय विश्वविद्यालय है, जो हिंदी के साथ-साथ मराठी, उर्दू, संस्कृत तथा चीनी, जापानी, स्पेनीश और फ्रेंच जैसी विदेशी भाषाओं में भी अध्ययन-अध्यापन की सुविधा प्रदान करता है।

महाराष्ट्र दिवस के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय परिसर में सांयकाल 07:00 बजे से ग़ालिब सभागार में ‘महाराष्ट्र दिवस सांस्कृतिक संध्या’ का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम की प्रस्तावना भाषा विद्यापीठ के अधिष्ठाता एवं विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. आनंद पाटील करेंगे तथा अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा करेंगी। सांस्कृतिक संध्या में महाराष्ट्र की समृद्ध साहित्यिक, सांस्कृतिक और कलात्मक परंपराओं को प्रदर्शित किया जाएगा, जिसमें गीत, संगीत और अन्य लोककलाओं की प्रस्तुति शामिल होगी।
विश्वविद्यालय महाराष्ट्र के साथ-साथ अखिल भारतीय सांस्कृतिक धरोहर को बढ़ावा देने हेतु निरंतर विभिन्न कार्यक्रमों और उपक्रमों का आयोजन करता रहा है। मराठी भाषा को हाल ही में अभिजात भाषा का दर्जा प्राप्त हुआ है। इस दिशा में विश्वविद्यालय ‘मराठी भाषा दिवस’, ‘बहुभाषी कवि सम्मेलन’ तथा अन्य साहित्यिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से मराठी भाषा और साहित्य के वैश्विक प्रचार-प्रसार हेतु सतत प्रयासरत है।

विश्वविद्यालय परिसर में महाराष्ट्र की महान विभूतियों के सम्मान में विभिन्न भवनों और छात्रावासों का नामकरण किया गया है, जिनमें सावित्रीबाई फुले महिला छात्रावास, लक्ष्मीबाई केलकर महिला छात्रावास, छत्रपति संभाजी महाराज छात्रावास और छत्रपति शिवाजी महाराज प्रवेश द्वार प्रमुख हैं।
महाराष्ट्र दिवस आयोजन को लेकर विश्वविद्यालय समुदाय में विशेष उत्साह व्याप्त है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अध्यापकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों से ध्वजारोहण समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की है।

Share this content:

About The Author

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *