महिलाओं को आत्मनिर्भर करने में बहुमूल्य योगदान दे रहा है कै. रामदास तुकाराम तुपे प्रतिष्ठान : सोनल तुपे

मांजरी, जनवरी (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क)
उद्यमी राहुल आबा तुपे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए पतसंस्था के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने में मदद कर रहे हैं। सही मायने में यह एक सराहनीय गतिविधि है। महिलाएं देश को आगे बढ़ाते हुए समाज को तरक्की की राह पर लाती हैं। महिलाओं को सम्मान दिलाने के लिए महिला सशक्तिकरण का संदेश जन जन तक पहुंचाकर महिलाओं को आत्मनिर्भर करना कै. रामदास तुकाराम तुपे प्रतिष्ठान का लक्ष्य है। यह विचार विट्ठल तुपे प्रतिष्ठान की संचालिका सोनल चेतन तुपे ने व्यक्त किए।
कै. रामदास तुकाराम तुपे प्रतिष्ठान की ओर से महिलाओं के लिए हल्दी-कुंकू एवं व्यवसाय मार्गदर्शन समारोह का आयोजन किया था, तब सोनल तुपे बोल रही थीं। इस अवसर पर यहां ह्यूमन राइट्स की वाइस प्रेसीडेन्ट भारती तुपे, डॉ.जयश्री तुपे, पल्लवी तुपे, राकांपा हड़पसर विधानसभा चुनाव क्षेत्र की कार्याध्यक्षा सविता मोरे, मयूरी तुपे, आरती नवघणे, मंगल ससाणे, राकांपा हड़पसर विधानसभा चुनाव क्षेत्र के अध्यक्ष डॉ. शंतनु जगदाले, कार्याध्यक्ष अमर तुपे, वरिष्ठ समाजसेवक हरिभाऊ काले, मनीषा शेवाले आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे। इस अवसर पर हल्दी कुंकू समारोह में भाग लेनेवाली महिलाओं को आयोजकों की ओर से उपहार दिए गए।
बीवाईएसटी के मार्गदर्शक विनोद ताम्हाणे ने उपस्थित महिलाओं को संक्षिप्त रूप से व्यावसायिक मार्गदर्शन किया तथा उपस्थित महिलाओं के सवालों का समाधान किया।
कार्यक्रम के आयोजक उद्यमी राहुल आबा तुपे ने कहा कि जो महिलाएं व्यवसाय शुरू करना चाहती हैं, लेकिन दस्तावेजों के अभाव में ऋण नहीं मिलता है, उन्हें पतसंस्था के माध्यम से ऋण प्रदान किया जाएगा और नए व्यवसायों का मार्गदर्शन भी किया जाएगा।