महाराष्ट्र राज्य के प्रतिष्ठित फिल्म और संगीत पुरस्कारों की घोषणा
महाराष्ट्र राज्य के प्रतिष्ठित फिल्म और संगीत पुरस्कारों की घोषणा
महेश मांजरेकर, अनुपम खेर, काजोल देवगण, मुक्ता बर्वे और भीमराव पांचाले होंगे सम्मानित : सांस्कृतिक कार्य मंत्री ॲड. आशिष शेलार
२५ अप्रैल २०२५ को मुंबई में होगा पुरस्कार वितरण समारोह
मुंबई, अप्रैल (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
महाराष्ट्र शासन के सांस्कृतिक कार्य विभाग द्वारा प्रदान किए जाने वाले प्रतिष्ठित पुरस्कारों की घोषणा सांस्कृतिक कार्य मंत्री ॲड. आशिष शेलार ने मंत्रालय में आयोजित पत्रकार परिषद में की। इन पुरस्कारों में चित्रपती व्ही. शांताराम जीवन गौरव पुरस्कार, चित्रपती व्ही. शांताराम विशेष योगदान पुरस्कार, स्व. राज कपूर जीवन गौरव पुरस्कार, स्व. राज कपूर विशेष योगदान पुरस्कार तथा गानसम्राज्ञी लता मंगेशकर पुरस्कार शामिल हैं।
फिल्म क्षेत्र के दिग्गजों को मिलेगा सम्मान
चित्रपती व्ही. शांताराम जीवन गौरव पुरस्कार इस वर्ष सुप्रसिद्ध अभिनेता, निर्माता और निर्देशक महेश मांजरेकर को प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार उन व्यक्तियों को दिया जाता है जिन्होंने मराठी फिल्म जगत में उत्कृष्ट कार्य और दीर्घकालीन योगदान दिया हो। इस पुरस्कार के अंतर्गत 10 लाख की नकद राशि, स्मृति चिन्ह, मानपत्र और रजत पदक प्रदान किया जाएगा।
चित्रपती व्ही. शांताराम विशेष योगदान पुरस्कार इस वर्ष प्रसिद्ध मराठी अभिनेत्री मुक्ता बर्वे को मिलेगा। इस पुरस्कार में 6 लाख की नकद राशि, स्मृति चिन्ह, मानपत्र और रजत पदक शामिल हैं।
हिंदी फिल्म जगत में स्व. राज कपूर जीवन गौरव पुरस्कार इस वर्ष प्रख्यात अभिनेता अनुपम खेर को दिया जाएगा। वहीं, स्व. राज कपूर विशेष योगदान पुरस्कार काजोल देवगण को प्रदान किया जाएगा। इन दोनों पुरस्कारों के तहत क्रमशः 10 लाख व 6 लाख की नकद राशि, स्मृति चिन्ह, मानपत्र और रजत पदक प्रदान किए जाएंगे।
संगीत के क्षेत्र में भी होगा सम्मान
गानसम्राज्ञी लता मंगेशकर पुरस्कार, जो कि संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जाता है, इस वर्ष सुप्रसिद्ध मराठी ग़ज़ल गायक भीमराव पांचाळे को प्रदान किया जाएगा। इस पुरस्कार में 10 लाख नकद, मानचिन्ह, मानपत्र और शाल प्रदान की जाएगी।
इस पुरस्कार के चयन हेतु एक समिति गठित की गई थी, जिसकी अध्यक्षता सांस्कृतिक कार्य मंत्री ने की। समिति में पं. ब्रिजनारायण, अशोक पत्की, सत्यशील देशपांडे, पं. उल्हास कशाळकर और अंबरीश मिश्र जैसे जाने-माने कला क्षेत्र के विशेषज्ञ शामिल थे।
भव्य समारोह और विशेष सांगीतिक श्रद्धांजलि
सभी पुरस्कारों का वितरण २५ अप्रैल, २०२५ को एन.एस.सी.आय. डोम, मुंबई में एक भव्य समारोह में किया जाएगा।
इसके अलावा, संविधान अमृत महोत्सव तथा भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में महाराष्ट्र शासन सांस्कृतिक कार्य विभाग की ओर से २० अप्रैल २०२५ को शाम ६:३० बजे गेटवे ऑफ इंडिया, मुंबई में एक विशेष सांगीतिक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक सुरेश वाडकर, आदर्श शिंदे, वैशाली सामंत, उर्मिला धनगर, नंदेश उमप आदि कलाकार हिस्सा लेंगे, और इसका संचालन अभिनेता सुबोध भावे करेंगे। कार्यक्रम में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के जीवन पर आधारित गीत, नाट्यप्रवेश और नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे।
यह कार्यक्रम सभी के लिए खुला है और निःशुल्क प्रवेश पत्र ‘प्रथम आओ, प्रथम पाओ’ के आधार पर शिवाजी नाट्य मंदिर और रवींद्र नाट्य मंदिर में वितरित किए जाएंगे, ऐसी जानकारी मंत्री शेलार ने दी।
Post Comment