एचआईवी रोकथाम पर समुदाय आधारित प्रयासों को बढ़ाने का आह्वान : सार्वजनिक स्वास्थ्य सचिव डॉ. निपुण विनायक
एचआईवी रोकथाम पर समुदाय आधारित प्रयासों को बढ़ाने का आह्वान : सार्वजनिक स्वास्थ्य सचिव डॉ. निपुण विनायक
मुंबई, मई (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
एचआईवी रोकथाम और उपचार के क्षेत्र में केवल समुदाय स्तरीय लक्ष्यों और योजनाओं तक सीमित न रहकर प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देने का आह्वान सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के सचिव डॉ. निपुण विनायक ने किया है।
यह वक्तव्य उन्होंने 7 मई 2025 को नवी मुंबई में आयोजित ‘NACP-V’ कार्यशाला में दिया, जिसका आयोजन महाराष्ट्र राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी द्वारा किया गया था। इस कार्यशाला का उद्देश्य एचआईवी से जुड़ी सेवाओं में सुधार, आने वाली चुनौतियों का समाधान, और भविष्य की रणनीति तय करना था।
140 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी रहे उपस्थित
इस कार्यशाला में 140 से अधिक प्रतिनिधि, जिनमें वरिष्ठ चिकित्साधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पर्यवेक्षक, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, और महाराष्ट्र राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी के अधिकारी शामिल थे।
प्रतिभागियों को 17 समूहों में बांटा गया था, प्रत्येक समूह में 8–9 सदस्य थे। समूह चर्चाओं में निम्नलिखित महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन हुआ।
रिपोर्टिंग की सटीकता और वर्तमान स्थिति
जोखिमग्रस्त समूहों की पहचान
गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने के लिए आवश्यक कार्यवाही
एचआईवी से जी रहे लेकिन स्वास्थ्य प्रणाली में पंजीकृत नहीं लोगों की अनुमानित संख्या
कितने प्रतिशत लोग एआरटी (Antiretroviral Therapy) से बाहर हैं
वर्तमान में राज्य की NACP-V प्रगति 0 से 10 के पैमाने पर कहां खड़ी है
चर्चा के बाद प्रत्येक समूह ने अपना प्रस्तुतीकरण दिया। इन प्रस्तुतियों से एचआईवी संक्रमण की बदलती प्रवृत्तियों और विभिन्न आयु वर्गों में इसके प्रभाव की स्पष्ट तस्वीर सामने आई।
सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर
डॉ. विनायक ने कहा कि राज्य और जिला स्तर पर कई प्रभावी पहलें चल रही हैं, लेकिन जानकारी और सेवाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की चुनौती अभी भी बनी हुई है। ऐसे में राष्ट्रीय ‘95-95-95’ लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए समन्वित और सामूहिक प्रयास अनिवार्य हैं।
इस कार्यशाला में डॉ. विनायक के साथ डॉ. सुनील भोकरे, प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. विजय कंदेवाड, और अतिरिक्त प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. विजय करंजकर भी उपस्थित थे।
Post Comment